बाराबंकी। बाइक से जा रहे दो युवकों को एक चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा करने वाला चालक वाहन समेत मौके से भाग निकला। आस पास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुलिस के मुताबिक बदोसराय क्षेत्र के सफदरगंज मार्ग पर पंजरौली मेला रायगंज पास बृहस्पतिवार की शाम बाइक सवार दो युवकों को चार पहिया वाहन ने कुचल दिया। स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान सजनू (25) पुत्र मंशाराम एवं दयाशंकर (24) पुत्र बालक निवासी ग्राम चकदहेपुर थाना सफदरगंज के रूप में हुई। दोनों युवक दोस्त थे। दोनों पंजरौली गांव के बाजार आए थे और वहां से घर जा रहे थे तभी यह हादसा हुआ है। एसएसआई रविंद्र यादव ने बताया कि युवक हेलमेट नहीं लगाए थे। टक्कर मारने वाले वाहन के बारे में जानकारी की जा रही है।