पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर खड़े ट्रक में पीछे से डीसीएम के टकरा जाने से इटावा निवासी हेल्पर की मौके पर मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा हैदरगढ़ इलाके में सोमवार सुबह किमी 41.900 के आसपास हुआ।
पुलिस के मुताबिक डीसीएम वाहन सोनीपत से पटना जा रहा था। इसी दौरान उसका पिछला दाहिना चक्का अचानक निकल गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर ब्रेकडाउन में खड़े ट्रक में जा घुसा।
टक्कर इतनी भीषण थी कि डीसीएम में बैठे हेल्पर इटावा के निवासी अनिल कुमार वाहन में बुरी तरह फंस गए। हाइड्रा की मदद से निकालने के बाद घायल अनिल और चालक को सीएचसी हैदरगढ़ पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने अनिल को मृत घोषित कर दिया।
घायल चालक राजकुमार के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, ट्रक चालक रायबरेली के बहरानगंज, थाना डीह निवासी राम विपत सुरक्षित है। ट्रक फरीदाबाद से बलिया माल लेकर जा रहा था। पुलिस ने वाहन हटवा कर मार्ग सामान्य कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।