बाराबंकी। शहर कोतवाली क्षेत्र में अयोध्या हाईवे पर शनिवार भोर में कोहरे के चलते दो ट्रकों में भिड़त हो गई। इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक ट्रक में 25 वध प्रतिबंधित मवेशी लदे मिले जिनमें तीन मर चुके थे। पुलिस का कहना है कि मवेशी तस्करी कर बिहार ले जाए जा रहे थे।
ट्रकों के बीच भिड़ंत अयोध्या हाईवे बाईपास पर शनिवार तड़के हुई। पुलिस के मुताबिक एक खड़े ट्रक में दूसरा भिड़ गया। पुलिस ने एक ट्रक में लगा तिरपाल हटवाया तो उसमें वध प्रतिबंधित 25 मवेशी लदे मिले। इस हादसे में ट्रकों पर सवार आश मोहम्मद व सलमान निवासी बावनखेड़ा थाना हसनपुरा जनपद अमरोहा व मुसलीम हुसैन एवं मोसीन निवासी ग्राम मालपुर मलीक थाना असामबली गंज जनपद संभल गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस नेघायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे के चलते हाईवे की एक पटरी पर करीब एक घंटे तक आवागमन भी बाधित रहा। कोतवाल धर्मेद्र सिंह ने बताया कि ट्रक में लदे 25 मवेशियों में तीन की मौत हो गई है। मवेशियों को मुरादाबाद से बिहार ले जाए जा रहा था। हादसे में घायल हुए लोग मवेशी तस्कर है। रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।