बाराबंकी। जिले में अलग-अलग जगहों पर हुए हादसों में एक बुजुर्ग व दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों में एक की पहचान नहीं हो सकी है।
कोठी क्षेत्र में शनिवार दोपहर इनायतपुर गांव निवासी रामसुख (65) लाखूपुर की साप्ताहिक बाजार में सड़क किनारे चावल बेंच रहा था। उसके पास मुकेश मिश्रा पहुंचा था। उसी दौरान हैदरगढ़ की तरफ जा रही तेज रफ्तार बोलेरो अचानक अनियंत्रित होकर पटरी के किनारे बैठे रामसुख व मुकेश को रौंदते हुए गड्ढे में जा गिरी। इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में परिवारीजनों ने रामसुख को सीएचसी कोठी पहुंचाया जहां हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल में उसकी मौत हो गई। मुकेश का निजी डॉक्टर के यहां इलाज चल रहा है। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
एक अन्य हादसे में शुक्रवार रात बाइक सवार सिद्धार्थ (18) पुत्र सतीश चंद्र निवासी ग्राम मौलाबाद थाना लोनीकटरा व उसके चाचा कैलाश (40) को भानमऊ के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल चाचा व भतीजे को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां पर सिद्धार्थ की मौत हो गई है। उधर फतेहपुर कस्बे में एक व्यक्ति घायल हालत में शुक्रवार रात रेलवे ट्रैक किनारे पड़ा मिला था। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने करीब 35 वर्षीय युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी मौत हो गई है। युवक की पहचान नहीं हो सकी थी।