बाराबंकी। विभिन्न सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। इनमें से एक युवक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजवा दिए। पुलिस के मुताबिक थाना सतरिख क्षेत्र के भपिटौली गांव निवास्ी राजकुमार राजपूत (45) पुत्र गयाप्रसाद एक कंपनी में डिलीवरी ब्वाय का काम करता था।
वह बुधवार सुबह पार्सल देकर बाइक से घर जा रहा था। शारदा सहायक नहर के पुल पर पहुंचते ही एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आननफानन में आसपास के लोगों ने उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताते हैं कि हादसा लखनऊ जिले में हुआ जिसके चलते मृतक के पुत्र ने चिनहट थाने में दुर्घटना के संबंध में तहरीर दी है। इस हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
उधर, रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में बाइक से जा रहे मनोज मिश्रा (24) व अविनाश सिंह (25) निवासी ग्राम बल्लीपुर थाना बीकापुर जनपद अयोध्या को मंगलवार देर रात हाईवे पर किसी वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों युवक घायल हो गए।
कोतवाल आलोकमणि त्रिपाठी ने बताया मनोज मिश्रा की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि अविनाश का इलाज कराया गया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसा करने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।