बाराबंकी। सुल्तानपुर हाईवे पर रोडवेज बस की टक्कर से साइकिल सवार की मौत हो गई। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। अन्य हादसों में दो लोगों को चोट आई है।
पुलिस के मुताबिक लोनीकटरा क्षेत्र के ओल्हेपुर निवासी प्यारेलाल (55) तथा पंडित पुरवा के शिवलखन पांडेय (65) एक ही साइकिल से शनिवार सुबह हाईवे पार कर रहे थे। इस दौरान सुल्तानपुर की ओर जा रही परिवहन निगम की बस ने साइकिल सवारों को रौंदते हुए निकल गई। इस हादसे में घायल दोनों व्यक्तियों को स्थानीय लोगों ने सीएचसी त्रिवेदीगंज पहुंचाया जहां डॉक्टर ने प्यारेलाल को मृत घोषित कर दिया। शिवलखन को लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस बस का पता लगा रही है। दूसरा हादसा भी हाईवे पर त्रिवेदीगंज चौराहे के पास हुआ जिसमें बाइक सवार राजेंद्र रावत (35) को एक टैंपो ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। गंभीर अवस्था में राजेंद्र को सीएचसी से लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है।
टैंकर से टकराई कार, व्यापारी गंभीर
बाराबंकी। रामसनेहीघाट इलाके में अध्योध्या हाईवे पर धरौली गांव के पास शुक्रवार रात गाजियाबाद के शालीमार गार्डन निवासी सीमेंट व्यापारी सलमान की कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। सलमान कार के अंदर फंस गया। आसपास के लोगों ने पुलिस की मदद से सलमान को निकाला और जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।