बाराबंकी। शहर क्षेत्र में अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर बृहस्पतिवार रात असेनी के पास खड़े ट्रक में एक अन्य ट्रक भिड़ गया। हादसे में एक चालक की मौत हो गई। एक युवक घायल हो गया। उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक उन्नाव के थाना असोहा के गांव भटपुरा निवासी सरल सैनी (33) ट्रक (डीसीएम) में पेपर रोल लेकर गुरुवार रात बस्ती से लखनऊ जा रहा था। अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर असेनी के पास मवेशी लदा एक ट्रक खड़ा था। सरल का ट्रक पहले से खड़े ट्रक में भिड़ गया। इस हादसे में चालक सरल व एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने सरल को मृत घोषित कर दिया। दूसरे की हालत गंभीर होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। कोतवाल धर्मेद्र सिंह रघुवंशी के मुताबिक चालक को झपकी आने के चलते यह हादसा हुआ है। घायल युवक की पहचान नहीं हो सकी। उधर मंगलवार को सफदरगंज क्षेत्र में हाईवे पर पल्हरी के पास एक बस दुकान में जा घुसी थी। इस हादसे में घायल बिहार के रहने वाले राजेश की शुक्रवार को मौत हो गई।