सिरौली गौसपुर (बाराबंकी)। क्षेत्र में आधार संशोधन के लिए लगाई गई सभी मशीनें बंद है। विद्यालयों में प्रवेश, फार्मर रजिस्ट्री, आवास के लिए आवेदन समेत अन्य कार्यों में आधार की जरूरत पड़ती है। संशोधन न होने से लोगों के जरूरी काम भी अटक गए हैं। इसके लिए जिला मुख्यालय तक दौड़ लगाने की परेशानी उठाना पड़ रही है।
नया शैक्षिक सत्र शुरू हो जाने के बाद स्कूल चलो अभियान के तहत नए बच्चों के पंजीकरण के लिए रैली निकालकर अभिभावकों को जागरूक किया जा रहा है। परिषदीय विद्यालयों मे नए छात्रों को प्रवेश के लिए आधार आवश्यक है। बच्चों के आधार बनाने व संशोधन करने के लिए खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय व सीडीपीओ कार्यालय पर मशीनें हैं। पिछले तीन माह से बीईओ कार्यालय तथा सीडीपीओ कार्यालय पर लगी मशीन की आईडी बंद चल रही है। जिससे अभिभावक और ग्रामीण इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं। पुरनिया गांव के रहने वाले बुजुर्ग जंगली प्रसाद ने बताया कि आधार पर फोटो सही नहीं है। इसलिए केवाईसी नहीं हो रही। आवास के लिए आवेदन नहीं हो रहा।
अर्दा गांव के मेवा लाल ने बताया कि आधार पर मेवा लिखा है। जबकि अन्य कागजों पर मेवालाल अंकित है। ऐसे में फार्मर रजिस्ट्री नहीं हो पा रही है। कई दिनों से भटक रहा हूं। प्राथमिक विद्यालय भवानीपुर ददरौली के अध्यापक ओंकार सिंह ने बताया कि नए प्रवेश के लिए गांव से पांच बच्चे आए थे। आधार न होने के चलते नाम नहीं लिखा जा सका। इस संबंध में सिरौली गौसपुर के खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि आईडी चालू करने की प्रतिक्रिया चल रही है। जल्दी परेशानी दूर करा दी जाएगी।