बाराबंकी। हैदरगढ़-बाराबंकी मार्ग पर असंद्रा इलाके में खुसेहटी गांव के टेंपो की चपेट में आकर बाइक सवार युवती की मौत हो गई जबकि उनका भाई गंभीर रूप से घायल है। युवती सुल्तानपुर जिले से सिपाही भर्ती परीक्षा देकर भाई के साथ घर लौट रही थी।
पुलिस के अनुसार रामसनेहीघाट नगर पंचायत के मोहल्ला पूरे बैस निवासी सफाईकर्मी नौमीलाल की पुत्री सीमा (20) छोटे भाई नितिन (18) के साथ सोमवार तड़के करीब तीन बजे बाइक से सुल्तानपुर स्थित मदसूदन इंटर कॉलेज विवेकनगर में परीक्षा देने गई थीं। परीक्षा देने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे।
इस दौरान खुसेहटी के पास पीछे से आए तेज रफ्तार टेंपो से बाइक टकरा गई। टक्कर तेज होने के कारण भाई-बहन बाइक से छिटककर सड़क पर गिरकर तड़पने लगे। इस दौरान चालक टेंपो लेकर भाग गया। राहगीरों ने एंबुलेंस से दोनों को सीएचसी रामसनेहीघाट पहुंचाया। यहां उपचार के दौरान सीमा की मौत हो गई, जबकि नितिन को भर्ती कर लिया गया।
सीमा अपने परिवार की तीन बहनों में दूसरे नंबर पर थीं। उनके पिता नौमीलाल अमहिया गांव के सफाई कर्मचारी हैं। बेटी की असमय मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सीएचसी पहुंचे परिजनों की चीत्कार मची रही। असंद्रा के एसएचओ आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि वाहन का पता लगाया जा रहा है।
विवाह से पहले पुलिस में भर्ती होकर दिखाएंगे... सीमा का विवाह का तय हो चुका था। सीएचसी में बिलख रहे मृतका के पिता ने बताया कि 26 जनवरी 2027 को बेटी का विवाह तय था। वह आत्मनिर्भर बनना चाहती थी। कहती थी कि विवाह से पहले पुलिस में भर्ती होकर दिखाएंगे।