दरियाबाद (बाराबंकी)। खेत में पंप की रखवाली करने गए युवक पर अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर हालत में युवक को केजीएमयू लखनऊ रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाली क्षेत्र के रोहिलानगर गांव निवासी सोहनलाल का पुत्र मुकेश (35) घर से लगभग एक किलोमीटर दूर खेत में लगे सबमर्शिबल पंप की रखवाली के लिए गया था। रात में साढ़े 10 बजे मोबाइल पर मूवी देख रहा था। तभी तीन अज्ञात हमलावरों ने उस पर पीछे से धारदार हथियार से हमला कर दिया। इससे वह युवक को गंभीर चोटें आईं। थोड़ी देर बाद घायल युवक किसी तरह घर पहुंचा। युवक की हालत देख परिजनों में हड़कंप मच गया।
इसी सूचना तुरंत डायल 112 को दी गई। पुलिस के पहुंचने पर घायल युवक के भाई मिथिलेश ने एंबुलेंस से सीएचसी मथुरानगर पहुंचाया। जहां हालत अधिक गंभीर होने पर डॉ. सुमित बेंजामिन ने उसको जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से युवक को केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया। मुकेश दरियाबाद के अंतर्गत सरैया चमरान गांव में सफाईकर्मी के तौर पर नियुक्त है। हमले की जानकारी होने पर सफाईकर्मियों में रोष व्याप्त है। इस संबंध में एसएचओ जगदीश प्रसाद शुक्ल ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है।