फतेहपुर। रोडवेज बस की टक्कर से सड़क पर गिरा बाइकसवार युवक बस के पहिए के नीचे आ गया। घटना के बाद चालक बस छोड़ कर भाग निकला। गंभीर रूप से घायल युवक ने केजीएमयू के ट्रामा सेंटर में दम तोड़ दिया। मृतक अपने पिता मंशाराम गौतम का इकलौता पुत्र था। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा तीन पुत्री व एक पुत्र है।
पुलिस के अनुसार फतेहपुर के बिसाही मजरे मुंडेरा निवासी प्रवेश कुमार (32) मजदूर थे। मंगलवार की शाम वह फतेहपुर से गैस सिलिंडर लेकर बाइक से घर जा रहे थे। इस दौरान फतेहपुर में मुख्य सड़क पर एक पेट्रोल पंप के पास हेतमापुर से बाराबंकी जा रही बस ने बाइक में ठोकर मार दी। हादसे में बस का पहिया सड़क पर गिरे प्रवेश कुमार को कुचलते हुए निकल गया।
राहगीरों ने आनन फानन उसे सीएचसी भेजा। डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल फिर ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया जहां इलाज के दौरान मंगलवार रात प्रवेश ने दम तोड़ दिया। पत्नी सावित्री देवी की तहरीर पर अज्ञात बस ड्राइवर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस चालक की खोज कर रही है।