हैदरगढ़ (बाराबंकी)। हैदरगढ़ भिटरिया मार्ग पर नैपुरा गांव के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आकर भवानी सिंह पुरवा गांव के रिंकू मिश्रा (38) की मौत हो गई। मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि युवक एक ट्रक की चपेट में आया था। हादसे के बाद युवक वाहन के साथ करीब 50 मीटर दूर तक घिसटा था, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हैदरगढ़ के थानापुर ग्राम पंचायत के मजरे भवानी सिंह पुरवा के रिंकू मिश्रा शनिवार सुबह करीब आठ बजे घर से निकले थे। भिटरिया मार्ग पर नैपुरा गांव के पास पैदल जाते समय अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से उनकी मौत हो गई। तीन भाइयों में सबसे बड़े मृतक रिंकू का विवाह नहीं हुआ था। वह ट्रक पर खलासी का काम करता था।
भाई नितेश ने बताया कि काम के सिलसिले में रिंकू घर से निकले थे। घटना स्थल पर मौजूद राहगीरों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी। एसएचओ अजय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि युवक को चपेट में लेने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।
इलाज के लिए लखनऊ जा रहे घायल की मौत
हैदरगढ़ (बाराबंकी)। इलाज के लिए लखनऊ ले जाए जा रहे घायल युवक की शनिवार को रास्ते में मौत हो गई। पुलिस केे अनुसार अंबेडकर नगर के थाना जहांगीरगंज के जसहरी निवासी सुजीत (28) बीते दिनों हुए हादसे में गंभीर घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए केजीएमयू रेफर किया गया था। हैदरगढ़ क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हालत बिगड़ने पर दौलतपुर टोल गेट से होकर सीएचसी हैदरगढ़ लाया गया। जहां डाक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। (संवाद)