हैदरगढ़। थाना क्षेत्र सुबेहा के शरीफाबाद गांव में घर के अंदर बिजली के करंट की चपेट में आने से घायल एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया है।
शनिवार को गांव निवासी जयनारायण द्विवेदी के पुत्र सूरज द्विवेदी (32) घर पर अकेले थे। उनकी पत्नी क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव स्थित अपने मायके गई हुई थीं और भाई राजन खेत पर थे। शाम को जब भाई लौटे, तो उन्होंने घर से धुआं निकलते देखा। अंदर पहुंचने पर उन्हें घटना की जानकारी हुई। बताया कि सूरज की करंट लगने से मौत हुई और इसके बाद लगी आग से बिस्तर और कुछ फर्नीचर भी जल गया। परिजनों ने बताया कि मृतक दस दिन पहले हुए एक अन्य हादसे में घायल हो गए थे, उनके दोनों पैरों में प्लास्टर चढ़ा था। जिससे वह अपना बचाव नहीं कर सके। मृतक खेती में परिवार का हाथ बंटाते थे। लगभग डेढ़ साल पहले ही उनका विवाह हुआ था। प्रभारी निरीक्षक अभय कुमार मौर्या ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।