हादसे में पिता की माैत के बाद कश्मीर में परिजनों को जानकारी देता साहिल
- फोटो : हादसे में पिता की माैत के बाद कश्मीर में परिजनों को जानकारी देता साहिल
देवा (बाराबंकी)। देवा कोतवाली क्षेत्र के माती के पास किसान पथ पर रविवार दोपहर रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक की सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कश्मीर निवासी ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथ में मौजूद 10 साल का बेटा बाल-बाल बच गया। हादसे में दूसरे ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मृत चालक के बेटे को अपने संरक्षण में ले लिया है।
पुलिस के मुताबिक, पंजाब का ट्रक देवा की ओर से लखनऊ जा रहा था, जबकि कश्मीर का ट्रक लखनऊ की ओर से कुर्सी रोड की तरफ बढ़ रहा था। इसी बीच माती के पास कश्मीर का ट्रक रॉन्ग साइड में चला गया और दूसरे ट्रक से सीधी भिड़ंत हो गई। इससे दोनों ट्रकों के केबिन क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आस-पास के लोग हाईवे की ओर दौड़े। कुछ ही देर में देवा के कोतवाल अजय कुमार त्रिपाठी भी पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों ट्रकों में फंसे चालकों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक कश्मीर निवासी चालक की मौत हो चुकी थी। उसके साथ केबिन में मौजूद 10 बेटे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बच्चे ने बताया कि वह कश्मीर का रहने वाला है और मृत चालक जावेद उसके पिता थे। स्थानीय लोगों ने बच्चे से उसके पिता के परिजनों का मोबाइल नंबर लेकर उन्हें फोन कर हादसे की जानकारी दी। कोतवाल ने बताया कि एक ट्रक रॉन्ग साइड में आने के कारण यह हादसा हुआ।