लोनीकटरा इलाके में सुल्तानपुर हाईवे पर हादसे मेंं क्षतिग्रस्त ट्रक
त्रिवेदीगंज /कोटवाधाम। लोनीकटरा थाना क्षेत्र में सोमवार रात घने कोहरे के कारण लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर ट्रकों की टक्कर में एक ट्रक के चालक की मौत हो गई जबकि एक घायल हो गया। वहीं, बदोसराय में कोहरे के बीच सड़क पर अचानक मवेशी आने से असंतुलित ट्रक पलट गया। इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार जिला जालौन के थाना कटोरा के मुहारी गांव निवासी अलाउद्दीन (25) ट्रक पर मक्का लादकर सुल्तानपुर की ओर जा रहे थे। साथ में इनके चचेरे भाई तस्लीम भी थे। लोनीकटरा क्षेत्र में भिलवल कस्बे के पास रात करीब दो बजे सीमेंट व टाइल्स उतारने के लिए सड़क किनारे खड़े ट्रक में इनका ट्रक जा टकरा गया। घने कोहरे में दृश्यता काम होने के कारण हादसा हुआ। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस व एनएचएआई सुरक्षा टीम ने केबिन में फंसे चालक अलाउद्दीन को बाहर निकाला मगर उनकी मौत हो चुकी थी। चचेरे भाई भी जख्मी हो गए।
इस दौरान करीब एक घंटा यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटवाया। वहीं, अयोध्या के शुजागंज सरैया से बालू लादकर जा रहा यह ट्रक रामन-टिकैतनगर मार्ग पर बरौलिया गांव के पास पहुंचा था। घने कोहरे के बीच सड़क पर अचानक मवेशी देख चालक हड़बड़ा गए। तेजी से स्टेयरिंग काटने के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रक का शीशा तोड़कर अंदर फंसे चालक और खलासी को बाहर निकाल अस्पताल भिजवाया।