बाराबंकी। टिकैतनगर क्षेत्र में बुधवार देर शाम हुए दर्दनाक हादसे में एक किसान की जान चली गई। साइकिल से घर लौट रहे बुजुर्ग किसान को तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी और रौंदते हुए निकल गया।
टिकैतनगर के सेवढ़ा मजरे दुल्हादेपुर गांव निवासी जगेसर (68) देर शाम गांव के चौराहे से सामान लेकर साइकिल से लौट रहे थे। रास्ते में पीछे से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने जोरदार टक्कर मारी और उन्हें कुचलते हुए निकल गई। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। गुस्साए लोगों को देखकर चालक वाहन छोड़कर भाग गया। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
परिजन घायल जगेसर को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन इलाज के दौरान रात में उनकी मौत हो गई। मृतक की बहू मूललता की तहरीर पर पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।