बेलहरा। क्षेत्र के ग्राम विशुनपुर में घर के बाहर अलाव ताप रहे दिव्यांग किशोर को तेज रफ्तार पिकअप ने रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। ग्रामीणों ने पिकअप को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। किशोर की मौत से पूरे परिवार में मातम छा गया।
मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के ग्राम विशुनपुर निवासी संजय कुमार का बेटा सत्यम (13) शनिवार को घर के बाहर अलाव ताप रहा था। इस दौरान लकड़ी लदे पिकअप ने सत्यम को सीधी ठोकर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन जब तक उसे उपचार के लिए ले जाते, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद चालक पिकअप लेकर भागने लगा तो ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। लोगोें ने बताया कि चालक तेज वाहन चला रहा था। सामने से उसने बालक को राैंद दिया।
पिता संजय कुमार ने बताया कि सत्यम सबसे बड़ा लड़का था, जो कि दिव्यांग था। उसका छोेटे भाई हर्ष व शिवम पढ़ाई करते हैं। सत्यम की मां का रो-रोकर हाल बेहाल है। मां का कहना था कि काश, बेटे को अलाव तापने के लिए बाहर जाने से रोक दिया होता तो यह हादसा न होता। एसएचओ आशुतोष मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। तहरीर मिली है, कार्रवाई की जा रही है। (संवाद)