बाराबंकी। जिला जज प्रतिमा श्रीवास्तव की अध्यक्षता में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में बाल विवाह की रोकथाम एवं उन्मूलन को लेकर बृहस्पतिवार से बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 100 दिवसीय विशेष कार्ययोजना शुरू की गई। इस अभियान का उद्देश्य जनजागरूकता, विधिक साक्षरता, सामुदायिक सहभागिता तथा बालिकाओं के सशक्तीकरण के माध्यम से बाल विवाह पर प्रभावी नियंत्रण है।
अभियान के अंतर्गत ग्राम सभाएं, स्कूल-कॉलेज कार्यक्रम, जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक, विधिक शिविर एवं संभावित बाल विवाह की पहचान कर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन, पुलिस, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के समन्वय से यह अभियान चलाया जा रहा है। बाल विवाह मुक्त भारत के लिए कार्ययोजना जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी को भेजकर योजना के क्रियान्वयन के लिए निर्देश जारी किए गए हैं। इस अभियान की साप्ताहिक रिपोर्ट उप्र राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण को भेजी जाएगी।