बाराबंकी। शहर के व्यस्ततम छाया चौराहा स्थित टंडन बेकरी में शनिवार की सुबह शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आसपास के लोगों ने धुआं उठते देखा तो इसकी सूचना बेकरी मालिक को दी। चंद मिनटों में ही आग विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते पूरी दुकान को अपने चपेट ले लिया। तेज लपटों और काले धुएं के गुबार को देखकर इलाके में अफरातफरी मच गई। फायर ब्रिगेड की टीम को आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। बेकरी के भीतर रखे करीब 40 लाख रुपये के सामान, मशीनरी और स्टॉक जल गया।
बेकरी मालिक सुनील टंडन का आरोप है कि यह हादसा बिजली विभाग की घोर लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने बताया कि दुकान का बिजली मीटर लंबे समय से खराब था, जिसकी शिकायत बार-बार विभाग से की गई थी, लेकिन अधिकारियों ने समाधान नहीं किया। इसी खराब मीटर में हुए शॉर्ट सर्किट से आग लगी। प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार ने अभी तक बिजली विभाग के खिलाफ कोई लिखित तहरीर नहीं दी है।