बाराबंकी। जिले के पांच अलग-अलग स्थानों पर खेतों में लगी भीषण आग से करीब 75 किसानों की लगभग 200 बीघा गेहूं की तैयार फसल जलकर राख हो गई। इस आपदा का मुख्य कारण बिजली की जर्जर लाइनों से निकली चिंगारी और शॉर्ट सर्किट बना, जिसे तेज पछुआ हवाओं ने और अधिक भयावह बना दिया। दमकल वाहन के पहुंचने से पहले ही फसलें जल गईं। किसानों ने आग बुझाने के लिए खेतों की ट्रैक्टर से जोताई की। पेड़ों की टहनियों से पीट-पीटकर आग बुझाने की कोशिश की।
सबसे ज्यादा नुकसान लोनीकटरा थाना क्षेत्र के सादुल्लापुर गांव में हुआ। यहां बिजली की हाईटेंशन लाइन से पक्षी के टकराने से शॉर्ट सर्किट हुआ। गांव के राहुल तिवारी, रत्नेश सिंह, शैलेंद्र सिंह, गिरिजा सिंह, कृष्ण कुमार तिवारी, कृपा शंकर, अंबर सिंह, सोनू, रामफेर, जुग्गीलाल, अवधेश, शिवबालक, श्रीकृष्ण, शिवपाल, धीरज, हरिशंकर, ललऊ, परशुराम समेत सदुल्लापुर, बीरमपुर, त्रिलोकपुर गांव के 65 किसानों की फसल जल गई। दमकल वाहनों के देर से पहुंचने और पुलिस का फोन नहीं उठने पर किसानों ने हंगामा किया। एसडीएम राजेश कुमार विश्वकर्मा ने तीन दिन के अंदर फसल नुकसान का मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
टिकैतनगर प्रतिनिधि के अनुसार थाना क्षेत्र के करौनी मजरे गोबरहा गांव में आग की चपेट में आकर किसानों उदयभान सिंह, महेंद्र निषाद, राजेंद्र, केदार, निराशा, विजय शंकर कल्लू रावत व झुन्नीलाल की करीब 22 बीघा फसल जल गई।
सतरिख प्रतिनिधि के अनुसार नेवली रतन बाजार चौराहे के पास शनिवार को बिजली के तारों में हुए शॉर्ट सर्किट की चिंगारी ने खेत में जैनाबाद निवासी हरि विनोद की दो बीघा फसल जल गई। ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर आग पर काबू पाया। लेखपाल प्रताप कुमार ने बताया कि गेहूं की लगभग दो बीघा फसल जल गई है जिसकी मुआवजे के लिए शासन को रिपोर्ट भेजी गई।
पराली जलाने में फूंक दिया 20 बीघा फसल
कोटवाधाम। सिरौलीगौसपुर तहसील क्षेत्र के मोहरिया गांव निवासी राजकुमार ने शनिवार की सुबह अपने खेत का गेहूं तैयार होने के बाद उसमें की बच्ची पराली को जलाने के लिए आग लगाई। इससे दिनेश वर्मा, राजेश के खेत में पराली से बन रहा भूसा में आग लग गई। भूसा जल गया। वहीं बगल में नारायण और दउवा के खेत में गेहूं की फसल लगी हुई थी वह भी जल गई। आग बुझाने के लिए पूरा गांव टूट पड़ा। ट्रैक्टर की मदद से आग के आगे खेत की जोताई कर आग पर काबू पाया। इस दौरान 20 बीघा गेहूं फसल जल गई।