जैदपुर। जैदपुर थाना क्षेत्र के गंजारिया गांव में रविवार देर शाम घर के बाहर खेल रहे पांच साल के मासूम बच्चे को पिकअप ने कुचल दिया। मौके पर ही बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक गाड़ी छोड़कर भाग गया। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया। पुलिस ने जैसे तैसे हालात संभाले।
जैदपुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत गढ़ीराखमऊ के गंजरिया गांव के रामगोपाल का इकलौता पुत्र अंशु (5) रविवार शाम घर के सामने ही खेल रहा था। इस दौरान रास्ते में सरिया लादकर निकली पिकअप बच्चे को कुचलते हुए चली गई। मासूम का सिर फटने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल पड़े। लोग दौड़े मगर चालक भाग चुका था। ग्रामीणों ने किसी तरह से मासूम के शव को गाड़ी के नीचे से निकाला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मासूम की मौत के बाद माता पिता व दो बड़ी बहनें बिलख पड़ी। मां रोते हुए कह रही थी कि बड़ी मन्नतों के बाद एक बेटा दिया था वह भी छीन लिया। एसएचओ संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पिकअप मालिक व चालक की तलाश जारी है।