बाराबंकी शहर कोतवाली क्षेत्र के आजाद नगर मोहल्ला निवासी टेंट व किराना व्यवसायी राजेंद्र जायसवाल के पुत्र नवीन जायसवाल (50) ने बुधवार सुबह अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। घर में अचानक गोली चलने की आवाज सुनते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर अवस्था में नवीन को लखनऊ रोड स्थित हिंद मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शहर कोतवाल सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सिर में गोली लगने की पुष्टि हुई है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है, जिसमें पिस्टल की स्थिति, लाइसेंस संबंधी कागजात और घटनाक्रम के अन्य पहलुओं को खंगाला जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच जारी है और आवश्यक साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं।