रामनगर। लोधेश्वर महादेवा धाम में भव्य कॉरिडोर का काम जारी है। अब महादेवा से हेतमापुर स्थित बाबा नारायण दास दरबार तक सीधी राह बनाई जाएगी। 18.20 किमी लंबे इस भक्ति गलियारे के चौड़ीकरण को मंजूरी मिल गई है। इससे दोनों प्रमुख धाम सीधे जुड़ेंगे और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-तीन, बाराबंकी ने सड़क के कायाकल्प की योजना तैयार की है। करीब 54.69 करोड़ रुपये की लागत से मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा। वर्षों से जर्जर इस सड़क पर गड्ढे और जलभराव के कारण कांवड़ियों व ग्रामीणों को परेशानी होती थी। चौड़ीकरण से मधवाजलालपुर, गर्री, बनर्की, मंझौनी, करौता, मिर्जापुर, बहादुरापुर, करसा और लालपुर समेत करीब 200 गांवों की एक लाख आबादी को आवागमन में राहत मिलेगी।
चमकेगा स्थानीय कारोबार और पर्यटन
महादेवा में कॉरिडोर बनते ही श्रद्धालुओं की भारी आमद तय है। ऐसे में लोधेश्वर धाम आने वाले भक्त सीधे नारायण दास दरबार भी शीश नवा सकेंगे। इस जुगलबंदी से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को अभूतपूर्व बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय दुकानदारों व कारोबारियों के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
वर्जन
हेतमापुर-सूरतगंज मार्ग से महादेवा वाया भैरमपुर- इब्राहिमपुर- कड़कापुर (18.20 किमी) मार्ग के चौड़ीकरण का प्रारंभिक प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। बजट की हरी झंडी मिलते ही धरातल पर काम शुरू करा दिया जाएगा।
-अविनेश सिन्हा, सहायक अभियंता लोनिवि