बाराबंकी (ब्यूरो)। रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह हाईवे से एक ट्रक लूटने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पर कई थाना क्षेत्रों की पुलिस सक्रिय हुई और फैजाबाद से ट्रक बरामद कर लिया। पुलिस की मानें तो लूट की सूचना फर्जी थी, फाइनेंस कंपनी के गुर्गों ने किस्त न मिलने पर ट्रक छीनकर लाए हैं। पुलिस कंपनी में रिकवरी डिपार्टमेंट के एजेंटों एवं फर्जी सूचना देने वाले के खिलाफ कार्रवाई का मन बना रही है।
लखनऊ जिले के विकास नगर निवासी ऋषि मिश्र ने सोमवार सुबह करीब 9 बजे पुलिस लाइन के कंट्रोल रूम पर फोन किया कि, रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के हाईवे से बदमाशों ने उनकी ट्रक लूट ली है। सूचना पर पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने जब ट्रक की तलाश शुरू की तो पता चला कि, ट्रक अहमदपुर निकल गया है। फिर सूचना मिली कि, ट्रक रौनाही टोल प्लाजा पार कर फैजाबाद गई है। पुलिस जब फैजाबाद पहुंची तो एक फाइनेंस कंपनी के कार्यालय पर ट्रक खड़ा मिला। ट्रक में तीन सौ बोरी खाद भी लदी थी, जो देवरिया जिले ले जाई जा रही थी। सीओ सदर बलरामाचारी दुबे ने बताया कि, ट्रक को फाइनेंस कंपनी वाले ले गए थे और इस बारे में ट्रक मालिक को बताया गया था। मगर, ट्रक मालिक ने लूट की फर्जी सूचना देकर पुलिस को परेशान किया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।