कोठी (बाराबंकी)। जिले में दिनदहाड़े एक और सराफा व्यापारी से लूट हो गई। कोठी कस्बे में शुक्रवार की सुबह दुकान खोल रहे सर्राफ की मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़ कर आभूषण से भरा बैग लेकर बाइक सवार दो बदमाश भाग निकले। व्यापारी ने बाइक पर पीछे बैठे एक बदमाश को पकड़ा तो उसने सर्राफ को धक्का देकर गिरा दिया। पीड़ित ने बताया कि बैग में करीब डेढ़ लाख रुपये के सोने व चांदी के जेवर थे। पुलिस ने टप्पेबाजी की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ हैदरगढ़ ने भी मौके पर पहुंच कर घटना की जांच की।
जैदपुर थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव निवासी इरशाद पुत्र अली हसन की कोठी कस्बे में ज्वैलरी की दुकान है। शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे इरशाद बाइक से दुकान पर पहुंचे। इसके बाद वह मोटरसाइकिल खड़ी कर दुकान का शटर खोलने लगे। इसी बीच पल्सर पर सवार दो बदमाश आए और बाइक की डिक्की तोड़ कर उसमें रखा आभूषण से भरा बैग लेकर भागने लगे। डिक्की टूटने की आवाज सुनकर इरशाद बाइक की ओर दौड़े और मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे बदमाश को पकड़ लिया, लेकिन उसने सराफा व्यापारी को धक्का देकर गिरा दिया। इसके बाद इरशाद ने बाइक से बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वह हाथ नहीं लगे। थानाध्यक्ष राय साहब का कहना है कि सर्राफ से लूट नहीं, टप्पेबाजी हुई है। तहरीर मिलने के बाद टप्पेबाजी की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है।