टिकैतनगर (बाराबंकी)। टीकाकरण करके अस्पताल लौट रही एएनएम से एक व्यक्ति ने अभद्रता की। एएनएम के शोर मचाने पर वह उसके गले की चेन छीन कर भाग निकला। पीड़ित एएनएम द्वारा थाने में शिकायत की गई लेकिन रिपोर्ट नहीं दर्ज की गई। जिससे स्वास्थ्य कर्मियों में रोष व्याप्त है।
घटना थाना टिकैतनगर क्षेत्र की है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टिकैतनगर में नियुक्त एएनएम सुनीता श्रीवास्तव का आरोप है कि वह अपने कार्य क्षेत्र कस्बा इचौली में टीकाकरण कर वापस सामुदायिक केंद्र लौट रही थी। रास्ते में बाजार के पास कस्बा इचौली के मोहल्ला सेलारा निवासी रियाज ने उसे रोक लिया और अभद्रता करने लगा। बचाव के लिए चिल्लाने पर उसे धमकी दी तथा उसके गले की चेन छीन कर भाग निकला। पीड़ित एएनएम ने सीएचसी पहुंच कर अपने सहकर्मियों व चिकित्सा अधीक्षक को घटना की जानकारी दी। इसके बाद टिकैतनगर थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। लेकिन पुलिस मामले को रफादफा करने के प्रयास मेें जुटी है। इससे स्वास्थ्य कर्मियों में रोष व्याप्त है। एसओ राजीव कुमार सिंह का कहना है कि शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।