बड्डूपुर (बाराबंकी)। बड्डूपुर थाना क्षेत्र के हुलास पुरवा मजरे सलेमपुर गांव के किसान की हत्या के मामले में पुलिस के हाथ अभी कोई सुराग नहीं लग सका है। मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगने से उसकी मौत होने की बात सामने आई है। मालूम हो कि हुलास पुरवा मजरे सलेमपुर गांव निवासी दिनेश वर्मा उर्फ पप्पू पुत्र रामखेलावन की शुक्रवार की रात इनके खेत में लगे मेंथा की टंकी पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक के चचेरे भाई राजेश वर्मा की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक बीके श्रीवास्तव की मानें तो दिनेश की कनपटी में 315 बोर के तमंचे से सटाकर गोली मारी गई थी। इसके बाद सिर पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। पुलिस इसे पहले धारदार हथियार से हत्या होने की बात कह रही थी। एसओ रिजवान अब्बास का कहना है कि दिनेश के हत्यारों के बारे में पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। कहा, हत्या की रात वह किससे मिला और उसके मोबाइल पर किसके फोन आए इन सभी तथ्यों के बारे में जानकारी कर पुलिस इस हत्याकांड का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।