बाराबंकी। ऑर्डर देने के बाद भी कई दवा कंपनियां जीवन रक्षक दवाओं की आपूर्ति नहीं कर रही हैं। जिसके चलते मरीजों को अस्पताल से दवाएं नहीं मिल रही हैं। ऐसे में उन्हें ये दवाएं बाहर से खरीदनी पड़ रही हैं।
अस्पताल प्रशासन ने करीब एक माह पहले एक दर्जन से अधिक कंपनियों को दवाओं की आपूर्ति का ऑर्डर दिया था। मगर इनमें से कई कंपनियों ने अभी तक दवाओं की आपूर्ति नहीं की है। ओफ्लॉक्स, पैरासीटामॉल व मेट्रोजिल टैबलेट और फोर्टविन व जेंटामाइसिन इंजेक्शन आदि जीवनरक्षक दवाओं की आपूर्ति नहीं हो रही है। जिसका खामियाजा जिला अस्पताल आने वाले मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव से सेटिंग के कारण डॉक्टर भी इन दवाआें की बजाय बाहर की दवाएं मरीजों को लिख रहे हैं। इसका फायदा मेडिकल स्टोर संचालक उठा रहे हैं। अस्पताल प्रशासन अब तक आदर्श चुनाव आचार संहिता का हवाला देकर बाहर से दवाएं नहीं खरीद रहा था।