हैदरगढ़ (बाराबंकी)। कस्बे में गुरुवार को परिषदीय विद्यालयों के बच्चों ने मतदाता जागरूकता रैली निकाल कर लोगों से वोट देने की अपील की। एसडीएम समेत अन्य कई अधिकारी अध्यापक व अन्य लोग मौजूद रहे। राजकीय इंटर कॉलेज पोखरा के छात्र छात्राओं ने पोखरा में शत-प्रतिशत मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत करने की बात कही।
कस्बा हैदरगढ़ स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में गुरुवार की सुबह नगर पंचायत क्षेत्र के अन्य परिषदीय विद्यालय के बच्चों को एकत्र किया गया। एसडीएम द्वारा हरी झंडी दिखाकर मतदाता जागरुकता अभियान के तहत रैली को भ्रमण के लिए रवाना किया गया। छात्र-छात्राएं हाथाें में बैनर व तख्ती लिए लोकतंत्र की मजबूती के लिए लोगों से शत प्रतिशत मतदान की अपील करते रहे। लखनऊ-सुल्तानपुर मार्ग से होकर रैली सब्जी मंडी, कोठी, भटखेरा, पूरे मित्तई, घोसियाना, सुभाष वार्ड, ब्रह्मनान आदि वार्डों का भ्रमण किया गया। एसडीम बीपी सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी समर अब्बास जैदी, मनमोहन सिंह, तहसीलदार विनोद कुमार सिंह, रविमणि चतुर्वेदी समेत क्षेत्र के कई विद्यालयों के प्रधानाध्यापक व शिक्षक मौजूद रहे। पोखरा कस्बे में राजकीय इंटर कालेज पोखरा के छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरी निकाल कर मतदान के लिए संकल्प दिलाया। छात्र-छात्राएं सभी चुनें, सही चुनें.. अधिकाधिक करें मतदान.. वोट देना है हमारा हक, बहाना नहीं बनाना है वोट देने जाना है आदि नारों के साथ लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया। संकल्प रैली की अगुवाई प्रधानाचार्य एसके मिश्र ने की।