देवां (बाराबंकी)। देवां कोतवाली क्षेत्र के तिंदोला गांव में शनिवार की रात अपने घर की छत पर पति के साथ खाना खा रही एक महिला को किसी ने गोली मार दी। पति का आरोप है कि छत के पास लगे पेड़ पर चढ़कर किसी ने गोली मारी है। परिवारीजनों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया जहां से डॉक्टरों ने उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि घटना को किसने अंजाम दिया है इस बारे में अभी कुछ पता नहीं चल सका है। पुलिस जांच कर आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है।
देवां कोतवाली क्षेत्र के तिंदोला गांव निवासी पंकज वर्मा अपनी पत्नी पूजा (25) के साथ शनिवार की रात करीब नौ बजे अपने घर की छत पर बैठकर खाना खा रहे थे। पति के अनुसार उसी वक्त उनके घर के बगल में लगे शरीफा के पेड़ पर चढ़कर किसी ने पत्नी को गोली मार दी। गोली सीधे पूजा के चेहरे पर जा लगी। परिवारीजन जब तक कुछ समझ पाते लहूलुहान पूजा बेहोश हो गई। आनन-फानन उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। कोतवाली पुलिस का कहना है कि जिस महिला के गोली लगी है उसके पति पंकज वर्मा ने गांव के ही कुछ लोगों पर इस घटना को अंजाम देने का शक जाहिर किया है। इस मामले में अभी कोई लिखित शिकायत पुलिस को नहीं दी गई है। पंकज का कहना कि यह हमला उसके ऊपर किया गया था पर पत्नी चपेट में आ गई। कहा कि ट्रॉमा सेंटर में महिला की हालत अब खतरे से बाहर बताई जाती है।