बाराबंकी। मसौली स्थित शराब की दुकान पर रविवार शाम एक बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने दुकान के सेल्समैन पर चाकुओं से हमला कर 20 हजार रुपये लूट लिए। घायल सेल्समैन को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोच लिया है।
मसौली चौराहे के करीब अंग्रेजी शराब की दुकान का ठेका है। रविवार की शाम करीब 7.20 बजे वहां एक बाइक पर सवार होकर पहुंचे तीन युवकों ने दुकान के सेल्समैन अरविंद निवासी सहावपुर सुरसंडा पर चाकुओं से हमला कर दिया और दुकान के अंदर रखे 20 हजार रुपये लूट लिए। आसपास मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते सभी आरोपी मौके से भाग गए। स्थानीय लोगाें ने आनन-फानन घायल सेल्समैन अरविंद को सीएचसी बड़ागंाव पहुंचाया और घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। नाकेबंदी के बाद पुलिस ने देर रात में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष मोहन वर्मा ने बताया कि शराब की दुकान पर बिना पैसे के शराब मांगने को लेकर यह घटना हुई है। एसओ ने बताया कि इस घटना के मुख्य आरोपी लल्ला यादव, रोहित व सूरज को पुलिस ने हिरासत में लिया है जिनके खिलाफ लूट की धाराओं मेें रिपोर्ट दर्ज की गई है, सोमवार को इन्हें जेल भेज दिया जाएगा।