जैदपुर (बाराबंकी)। कस्बे के मोहल्ला छेदाकटरा में शुक्रवार की दोपहर घर के बाहर खेल रहे छह वर्षीय बालक को एक युवक उठा कर भागने लगा। अन्य बच्चों ने शोर मचाया तो स्थानीय लोगों ने युवक को धर दबोचा और पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने पकड़े गए युवक के खिलाफ बच्चे के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना व कस्बा जैदपुर के मोहल्ला छेदा कटरा निवासी शहाबुद्दीन व उसके परिवारीजन शुक्रवार की दोपहर नमाज अदा करने के लिए मस्जिद गए हुए थे। दोपहर में शहाबुद्दीन का छह वर्षीय पुत्र फरहान अन्य बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रहा था। इस बीच उधर से गुजरे एक युवक ने फरहान को दबोच लिया और बाजार की ओर भागने लगा। साथ खेल रहे बच्चों ने शोर मचाया तो स्थानीय कस्बे के लोगों ने युवक को दौड़ाकर धर दबोचा और उसकी जमकर पिटाई की। इसके बाद युवक को पुलिस को सौंप दिया। पूछताछ में आरोपी युवक ने अपना नाम मो. चांद पुत्र फजलुर्रहमान निवासी थाना व कस्बा रुदौली का मोहल्ला कटरा जिला फैजाबाद बताया है। मामले की जानकारी होने पर शहाबुद्दीन थाने पहुंचा। उसने आरोपी युवक के खिलाफ बच्चे के अपहरण की तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ अपहरण की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष रायसाहब यादव ने बताया कि पीड़ित पिता की तहरीर पर अपहरणकर्ता के खिलाफ अपहरण की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। कहा कि पकड़े गए आरोपी युवक ने पूछताछ में अभी तक कुछ नहीं बताया है जिससे अपहरण के पीछे की मंशा नहीं पता चल सकी है।