बेलहरा। एक सप्ताह से लापता युवक की पत्नी ने शुक्रवार को पुलिस को तहरीर देकर चार लोगों के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी भाग गए हैं। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के ग्राम लीलापुरवा मजरे सैलक जलालपुर निवासी टेढ़े (45) 14 सितंबर को बाजार गया था लेकिन घर नहीं लौटा। उसकी पत्नी मीना देवी ने आसपास व रिश्तेदारी में पति की तलाश की लेकिन उसका कुछ भी सुराग नहीं लगा। इस पर मीना ने शुक्रवार को गांव के ही प्रेमचंद, संतोष, कुंभकरण व सियाराम के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर में बताया कि उसके पति टेढ़े का इन लोगों से जमीन का कुछ विवाद चल रहा था। 14 सितंबर से पति के घर नहीं लौटने पर मीना ने चारों के खिलाफ अपहरण की तहरीर दी है जिस पर पुलिस ने चारों के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी फरार हैं। थानाध्यक्ष सुंदर सिंह सोलंकी ने बताया कि चारों आरोपियों ने अपनी जमीन कुछ दिन पहले किसी को बेच दी थी जिसमें टेढ़े गवाह था। आरोपी दोबारा उसी जमीन को किसी और को बेचना चाह रहे थे। लोगों से पूछताछ में पता चला है कि कुछ दिन पहले चारों टेढ़े के साथ कहीं गए थे। आरोपी तो लौट आए लेकिन टेढ़े नहीं लौटा। चारों के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की गई है।