बाराबंकी। नगर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुरौली में बुधवार रात एक वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान हुई हर्ष फायरिंग से धार्मिक संस्कार करा रहे पंडित छर्रा लगने से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। कुरौली ग्राम निवासी लवकेश वर्मा की बृहस्पतिवार रात को शादी हो रही थी। इसी दौरान हुई हर्ष फायरिंग में शादी करा रहे पंडित को कई छर्रे धंस गए। घटना की सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज आवास विकास सतीश यादव मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शादी में शरीक लोगों से पूछताछ की मगर सभी ने फायरिंग से इंकार करते हुए घटना पर पर्दा डाल दिया। एसआई सतीश यादव ने बताया कि मौके पर मौजूद लोगों ने जीने से गिरकर पंडित के जख्मी होने की बात कही है। एसआई का कहना है कि जांच की जा रही है। साक्ष्य मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।