पहले लड़े थे गोरों से, अब लड़ेंगे चोरों से : बघेल
बाराबंकी। कांग्रेसी हैं हम। आजादी पाने के लिए पहले गोरों से लड़े थे और अब चोरों से लड़ेंगे, क्योंकि चौकीदार अब चोर हो गया है। कांग्रेस को जिस तरह से जनता का समर्थन मिल रहा है, उससे साफ है कि राहुल गांधी को देश का अगला प्रधानमंत्री बनने से कोई रोक नहीं सकता। ये बातें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को जीआईसी मैदान में कांग्रेस द्वारा आयोजित किसान नवजवान स्वाभिमान रैली को संबोधित करते हुए कहीं।
रैली में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव के दौरान राहुल गांधी ने किसानों से जो वादा किया था, सत्ता संभालते ही हमने उसे पूरा किया और किसानों का पूरा कर्ज माफ कर दिया। भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा ने जो बजट पेश किया है उसमें किसानों के साथ मजाक किया गया है।
किसानों को प्रतिवर्ष छह हजार रुपये देने की बात की गई है। इस तरह प्रतिमाह पांच सौ रुपये और एक दिन में 17 रुपये किसान के खाते में आएंगे। भाजपा ने किसानों को दिव्यांगों से भी नीचे लाकर खड़ा कर दिया है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी किसानों के मुद्दे पर चुनाव लड़ेंगे और सरकार किसान के हिसाब से चलेगी। जिस तरह से छत्तीसगढ़ के किसानों का कर्ज माफ हुआ है, उसी तरह देशभर के किसानों का भी कर्ज माफ किया जाएगा।
भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में उद्योग लगाने के लिए वर्ष 2013 में किसानों से जमीन ली गई थी लेकिन उद्योग नहीं लगे। हम सत्ता में आए और किसानों की जमीनें उन्हें वापस कर दीं।
उन्होंने कहा कि जो खुद को फकीर बताते हैं वे दस लाख का सूट पहनते हैं। इनके जुमले में मत आइए और राहुल को प्रधानमंत्री बनाइए। कहा कि जहां भी कांग्रेस की सरकार है वहां किसान खुशहाल हैं।
इससे पहले कार्यक्रम की शुरूआत उन्होंने देवा, महादेवा, रामसेवक यादव और बाबा जगन्नाथ की धरती को नमन कर की। कहा कि आजादी की लड़ाई इस बात की गवाह है कि अवध की धरती ने देशसेवा में कितना योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने राज्यसभा सांसद डॉ. पीएल पुनिया पर भरोसा जताया और दो साल पहले छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाकर भेजा। डॉ. पुनिया की मेहनत का नतीजा है कि छत्तीसगढ़ में आज पूर्ण बहुमत से कांग्रेस की सरकार है और 15 साल राज करने वाली भाजपा को 15 सीटों पर लाकर खड़ा कर दिया।
ऐसे में उम्मीद है बाराबंकी एकबार फिर से उठ खड़ा होगा। कहा कि तनुज पुनिया द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में वह पहली बार आए हैं और तनुज जब भी बुलाएंगे वह जरूर आएंगे। कार्यक्रम को डॉ. पीएल पुनिया, सांसद संजय सिंह, जितिन प्रसाद, प्रमोद तिवारी ने भी संबोधित किया।