प्रेम प्रसंग में हुई थी हरिओम की हत्या, दो गिरफ्तार
- देवा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम टाई कला का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
देवा (बाराबंकी)। क्षेत्र के ग्राम टाई कला में करीब दो माह पूर्व एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने वारदात का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने इस हत्याकांड को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पकड़कर जेल भेजा है। पुलिस घटना के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला बता रही है।
बताते चलें कि देवा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम टाई कला निवासी हरिओम पुत्र ओमप्रकाश की बीती 11 सितंबर को नृशंस हत्या कर उसका क्षत-विक्षत शव क्षेत्र के ही टीपहार जंगल में फेंक दिया गया था। बाद में पुलिस ने 20 सितंबर को जंगल से शव बरामद किया था। इस मामले में मृतक के पिता ओमप्रकाश ने अपने पुत्र की हत्या का नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने दो महीने की पड़ताल के बाद बृहस्पतिवार को देवा क्षेत्र के हर्रई मोड़ के पास से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष धनंजय सिंह ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल गांव के ही जसवंत व रामकेत को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई तो उन्होंने इस हत्याकांड को अंजाम देने की बात कबूली है। एसओ के मुताबिक हत्याकांड के पीछे गांव की एक लड़की से प्रेम प्रसंग का मामला बताया जा रहा है। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उनको जेल भेजा गया है।