बाराबंकी। लखनऊ से कुर्सी होते हुए सीतापुर के महमूदाबाद को जोड़ने वाले स्टेट हाईवे-172 के चौड़ीकरण का करीब 80 फीसदी काम पूरा हो चुका है। अक्तूबर में शेष काम भी पूरा होने की उम्मीद है। नवंबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल माध्यम से इसका लोकार्पण करने की संभावना जताई जा रही है।
करीब दो वर्ष पहले शासन ने स्टेट हाईवे-172 के किलोमीटर संख्या 19 से 51 तक सड़क के चौड़ीकरण की मंजूरी दी थी। योजना के तहत सामान्य हिस्से में दो लेन के साथ शोल्डर और आबादी वाले हिस्सों में फोरलेन सड़क का निर्माण प्रस्तावित था।
इसके लिए करीब 220 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया था। टेंडर प्रक्रिया में करीब 26 फीसदी कम दर आने के बाद निर्माण लागत घटकर करीब 140 करोड़ रुपये रह गई। बाद में बेहटा से कुर्सी तक करीब पांच किलोमीटर हिस्से को भी फोरलेन किए जाने का प्रस्ताव लोक निर्माण विभाग ने शासन को भेजा।
इसके लिए करीब 40 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत हुई। इस तरह जीएसटी समेत हाईवे की कुल लागत करीब 180 करोड़ रुपये बताई जा रही है। हाईवे के पूरा होने से लखनऊ, बाराबंकी और सीतापुर के बीच आवागमन आसान होगा। विभाग के अनुसार रोजाना करीब 25 से 30 हजार लोगों का आवागमन सुगम होने की उम्मीद है।
-
अक्तूबर में सड़क का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य है। आने वाले समय में खासकर कुर्सी क्षेत्र से महमूदाबाद और लखनऊ की ओर जाने वाले लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी।
-राजीव कुमार राय, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग