बाराबंकी। एफएसडीए के सहायक आयुक्त खाद्य के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने शनिवार को कुर्सी रोड स्थित औद्योगिक क्षेत्र में संचालित नमकीन बनाने की फैक्ट्री पर छापा मारा। इस दौरान टीम ने संदिग्ध पाए जाने पर 735 किलोग्राम तैयार नमकीन को मौके पर ही नष्ट कराने के साथ ही करीब 240 किलो ग्राम नमकीन को सीज करने की कार्रवाई की। इसकी कीमत 97 हजार रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही निरीक्षण टीम ने जांच के लिए तैयार हो रहे नमकीन के आठ नमूने भरकर लैब भेजे हैं। आगे की कार्रवाई लैब की जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा शैलेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में एफएसओ की टीम ने औद्योगिक इलाके में संचालित टोटल स्वीटस स्नैक्स सॉल्यूशन फैक्ट्री पर छापा मारा। टीम ने यहां से हल्दी, मिर्च, बूंदी और नमकीन का नमूना भरकर इसे लैब जांच के लिए भेजा। साथ ही फैक्ट्री में तैयार मिली 735 किलो नमकीन को स्थलीय जांच में संदिग्ध गुणवत्ता का पाए जाने पर उसे सुरक्षित नष्ट कराया।
इसके बाद टीम ने यहीं पर संचालित सिद्धिदायनी एग्री फूड्स में पहुंचकर जांच की और यहां से मूंगफली का नमूना लैब जांच के लिए भेजा। इसके टीम ने आलापुर में सुमित के यहां भुजिया नमकीन यहीं के अंसार अहमद के यहां से सेव नमकीन और फरीदउद्दीन के यहां से नमकीन का नमूना भरने के बाद करीब 240 किलो नमकीन को संदिग्ध पाए जाने पर सीज कर बिक्री रोकने की कार्रवाई की। सहायक आयुक्त खाद्य ने बताया कि आगे की कार्रवाई लैब से मिलने वाली नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर तय होगी।