बाराबंकी। गाजीपुर जिले के एक पूर्व प्राचार्य से जमीन बेचने के नाम पर करीब 72 लाख रुपये की ठगी का मामला उजागर हुआ है। एसपी के निर्देश पर सफदरगंज थाने में रियल स्टेट कंपनी के दो निदेशक समेत चार के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
गाजीपुर जिले के नौकापुर लंका निवासी अशोक कुमार सिंह डिग्री काॅलेज में प्राचार्य पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। एसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि उन्होंने रुपाली डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड नामक रियल स्टेट फर्म से रसौली गांव के पास दो जमीनें वर्ष 2013 में खरीदी थीं, जिनकी रजिस्ट्री हुई है। लेकिन उनको जमीन पर कब्जा नहीं मिला। इस पर अशोक कुमार ने फर्म को नोटिस जारी की। तब फर्म के निदेशक की ओर से कहा गया कि 30 मार्च 2020 से पहले कब्जा दिला दिया जाएगा, लेकिन कब्जा आज तक नहीं दिया गया।
अशोक कुमार ने एसपी को बताया कि रुपाली डेवलपर्स के आजमगढ़ स्थित ऑफिस में बुलाकर उन्हें धमकाया गया। एसपी ने मामले की केस दर्ज करने का आदेश दिया तो शुक्रवार शाम सफदरगंज थाने में रुपाली डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड की निदेशक लखनऊ के अल्कापुरी अलीगंज निवासी सुनीता, आजमगढ़ निवासी निदेशक रत्नाकर गुप्ता, सफरगगंज क्षेत्र के दिनेश चंद्र गुप्ता, विवेक कुमार गुप्ता व दो-तीन अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। एसएचओ सफदरगंज ब्रजेश कुमार वर्मा ने बताया कि जांच शुरु की दी गई है।