बाराबंकी। शहर में हुए जल पलावन के तीसरे दिन जमुरिया का जलस्तर घटना शुरू हो गया है। कई प्रमुख सड़कों से पानी उतरने से आवागमन बहाल कराया गया और यहां व्यापारिक गतिविधियां भी शुरू की गईं। हालांकि, अभी जमुरिया किनारे पर बसे मोहल्लों में हालात जस के तस हैं। बचाव कार्य कर बाहर निकाले गए लोग सड़क और टिनशेड के नीचे गुजर बसर कर रहे हैं। घरों में फंसे लोगों को स्टीमर के सहारे भोजन-पानी व अन्य आवश्यक सामग्री पहुंचाई जा रही है। पानी उतरने के बाद स्वास्थ्य व सफाई व्यवस्था के लिए टीमें गठित की जा रही हैं।
शहर में बीते रविवार की रात से सोमवार दोपहर तक हुई मूसलाधार बारिश से जमुरिया नाला उफना गया था। जिसके बाद शहर में जलप्रलय की स्थिति हो गई थी। जमुरिया किनारे बसे घोसियाना, कमरियाबाग, दुर्गापुरी, पीरबटावन, नेहरूनगर, कंपनीबाग, छाया चौराहा, राजकमल, पटेल तिराहा, आवास विकास कॉलोनी, नई बस्ती, कोठी डीह समेत तमाम मोहल्लों के 10 हजार से अधिक घर पानी से लबालब हो गए थे। बुधवार से जलस्तर कम होना शुरू हुआ है।
डीएम अविनाश कुमार, एसपी दिनेश कुमार सिंह, सीडीओ एकता सिंह, एडीएम अरुण कुमार सिंह समेत तमाम प्रशासनिक मशीनरी की देखरेख में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर करीब 4700 लोगों को सुरक्षित निकाले जाने के बाद भी सैकड़ों लोग अभी भी अपने घरों में फंसे हैं। एनडीआरएफ-एसडीआरएफ, पीएसी और फायर विभाग की टीमों ने दशहराबाग, लच्छूनगर, हजाराबाग समेत अन्य इलाकों से लोगों को रेस्क्यू किया। स्टीमर की मदद से घरों में फंसे लोगों तक खाद्य व अन्य आवश्यक सामग्री पहुंचाई गई। डीएम ने बताया कि अब स्थिति नियंत्रण में आ रही है। आने वाले दो दिनों में जलस्तर में काफी गिरावट होने की संभावना है।
जमुरिया में डूबे युवक का मिला शव
जहांगीराबाद। जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के मंझलेपुर गांव के निकट बने जमुरिया पुल पर मंगलवार को कोठी थाना क्षेत्र के अमसेरूवा निवासी करन गुप्ता की चप्पल बहने लगी तो उसे बचाने के प्रयास में वह तेज लहरों में फंसकर बह गया था। पुलिस व एनडीआरएफ टीम ने युवक की तलाश शुरू कर दी थी। बुधवार सुबह युवक का शव झाड़ियों में फंसा मिला। एसएसआई धनीराम वर्मा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं, एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवक डूबता हुआ नजर आ रहा है, लेकिन कोई मदद नहीं कर सका। लेकिन वीडियो इसी मामले से संबंधित है, इसकी पुष्टि नहीं है। संवाद
सफाई व छिड़काव के लिए बनीं टीमें
नगर पालिका में बुधवार को चेयरमैन प्रतिनधि सुरेंद्र सिंह वर्मा, ईओ संजय कुमार शुक्ला ने समस्त सफाई कर्मियों को एकत्रित किया और उनकी अलग-अलग वार्डों में जिम्मेदारियां तय कीं। हर वार्ड के लिए 15-15 सफाई कर्मियों की टीमें बनाई गई हैं। ब्लीचिंग पाउडर, चूना व मैलाथियान का छिडकाव पूरी-पूरी सड़कों पर किया जाएगा। सफाई निरीक्षक अधुलिका सिंह, गीता मौर्या को वृहद स्तर पर अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके साथ हाइपोक्लोराइड का छिड़काव व फॉगिंग भी शुरू कराई गई है।
बॉक्स
दशहराबाग-हजाराबाग में हालात बदतर
फोटो- 16 व 17
बारिश के बाद शहर के सबसे निचले इलाकों में शुमार दशहराबाग-हजाराबाग व आसपास के मोहल्लों में नहर के साथ बारिश का पानी आने से बाढ़ आ गई थी। यहां तीन दिन बाद भी हालात बदतर हैं। 200 से ज्यादा घरों में छह से आठ फिट तक पानी भरा हुआ है। लोगों ने पहली मंजिल पर आसरा लिया है। बिजली-पानी न होने से हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। यहां कुछ लोग निकाले गए हैं, जो अपने गांवों की ओर किरुख कर रहे हैं। अधिकांश आबादी अभी भी घरों में हैं।