रेलवे गेटमैन की पुलिस कर्मियों ने की जमकर पिटाई
- सफदरगंज स्थित गेट नंबर 169 सी का मामला
बाराबंकी। पुलिस की जीप पहुंचने पर बंद गेट न खोलना रेलवे गेटमैन को महंगा पड़ गया। जबरन गेट खुलवाने को लेकर पुलिस कर्मियों ने गेटमैन की जमकर पिटाई कर दी। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी व चले गए। पीड़ित ने मामले में कार्रवाई करने की मांग की है।
सफदरगंज रेलवे स्टेशन के समीप गेट नंबर 169 सी पर तैनात गेटमैन दिनेश प्रसाद मिश्रा का कहना है कि शुक्रवार की सुबह ट्रेन निकलने के लिए जब गेट बंद किया था उस दौरान पुलिस जीप आ पहुंची। आरोप है कि जीप में सवार चार पुलिस कर्मियों ने गेट खोलने की बात कही लेकिन गेटमैन द्वारा जब इंकार किया गया तो सभी ने उसकी जमकर पिटाई करने के साथ ही जान से मारने की धमकी दी। गेटमैन का कहना है कि स्टेशन मास्टर के निर्देश पर गेट बंद किया था। जिस समय पुलिस कर्मी गेट खोलने का दबाव बना रहे थे उससे कुछ ही देर में ट्रेन भी निकल गई ऐसे में गेट खोलने पर हादसा होने की बात गेटमैन ने कही। पीड़ित ने विभागीय अधिकारियों व स्थानीय थाने में इसकी शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष ब्रजेश सिंह का कहना है कि गेटमैन से किसी पुलिस कर्मी ने अभद्रता नहीं की है। एसओ ने कहा जो आरोप है, उसकी जांच करवाकर कार्रवाई की जाएगी।
वर्जन-
यदि किसी पुलिस कर्मी ने रेलवे गेटमैन के साथ मारपीट की है तो यह गलत है। इस मामले की जांच करवाने के बाद जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- शशीकांत तिवारी, एएसपी