बाराबंकी। जिला अस्पताल में कोविड टीकारण के बाद ऑब्जवेशन कक्ष में आराम करते लोग।
- फोटो : BARABANKI
बाराबंकी। कोरोना जानलेवा बनता जा रहा है। उसके संक्रमण की चपेट में आकर एक और महिला की जान चली गई। इस तरह से जिले में अब तक कोरोना से छह लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 68 और लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। सूचना पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी को होम क्वारंटीन कराते हुए कोरोना प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
शहर के मोहल्ला नेहरू नगर निवासी अफसरुलनिशां (52) की कोरोना से मौत हो गई। परिवारीजनों के अनुसार अफसरुलनिशां की हालत खराब होने पर शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन सुधार न होने पर 6 अप्रैल को आरटीपीसीआर जांच कराई गई तो वह कोरोना पॉजिटिव पाई गईं। जिस पर चिकित्सकों की सलाह पर मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां पर बुधवार की देर रात उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कोरोना प्रोटोकॉल का अनुपालन कराते हुए कमरियाबाग स्थित शमशानघाट पर अंतिम संस्कार करा दिया।
इसके साथ ही परिवार के लोगों को होम आइसोलेट करा दिया गया है। इस तरह से जिले में अब तक कोरोना से छह लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं देर शाम आई जांच रिपोर्ट के अनुसार जिले में 68 और लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद मौके पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी को होम क्वारंटीन कराते हुए कोरोना प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
शहर में जुटी रही भारी भीड़
जिले में कोरोना मरीजों के मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इतना सब कुछ होने के बाद भी लोग सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। जिससे कोरोना संक्रमण के फैलाव पर रोक लगा पाना स्वास्थ्य विभाग के बस की बात नहीं है। लोगों को बराबर जागरुक किया जा रहा है कि कोरोना का खतरा दिन ब दिन बढ़ता जा रहा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए लेकिन लोगों की सेहत पर इसका जरा भी असर दिखाई नहीं दे रहा है।
नेहरू नगर में कोरोना से एक महिला की मौत की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम को मौके पर भेज कोरोना प्रोटोकॉल के तहत शव का अंतिम संस्कार करा दिया है। देरशाम आई रिपोर्ट के अनुसार जिले में 68 और लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं जिस पर सभी को होम क्वारंटीन कराते हुए प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश चिकित्सकों की टीम को दिए गए हैं।
-डॉ. बीकेएस चौहान, सीएमओ