संवाद न्यूज एजेंसी
बाराबंकी। बिजली बिल राहत शिविर मेंं मंगलवार को 632 उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया। कई उपभोक्ताओं का पंजीकरण नहीं होने से वे निराश होकर लौट गए।
बाराबंकी डिवीजन में भिटौलीकला, दियानतनगर, दशहराबाग, केंद्रीय विद्यालय के पास, ढिंढौरा, गदिया फार्म, मोहिद्दीनपुर, माती, खसपरिया, देवा में शिविर लगाया गया। ऐसे उपभोक्ता जिन्होंने मार्च के बाद अप्रैल, मई, जून आदि में किस्त में बिल जमा कर दिया है, उनका योजना में पंजीकरण नहीं हो सका। दशहराबाग में लगाए गए शिविर में अनूप वर्मा, संजू कुमारी, राम औतार का पंजीकरण न होने से लौट गए। इसको लेकर उपभोक्ताओं ने नाराजगी जताई। मोहिद्दीनपुर व खसपरिया में शिविर का अधिशासी अभियंता घनश्याम त्रिपाठी ने निरीक्षण किया। बिजली उपकेंद्र देवा में 83 उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया। एसडीओ महेंद्र कुमार व जेई एसके श्रीवास्तव ने बताया कि सभी कैंपों की राजस्व वसूली नौ लाख 11000 रुपये रही। शिविर का नियमित निरीक्षण कर उपभोक्ताओं की बिल संबंधी समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया जा रहा है।