तस्करी को ले जाए जा रहे 324 कछुआ बरामद, तीन गिरफ्तार
बाराबंकी। पिकअप से तस्करी के लिए ले जाए जा रहे 324 कछुओं को हैदरगढ़ पुलिस ने बरामद कर अमेठी जिले की दो महिलाओं समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि गिरोह के दो तस्कर मौके से भाग निकले। वन विभाग की टीम ने बरामद कछुओं को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
एएसपी दक्षिणी अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि हैदरगढ़ पुलिस ने रविवार को क्षेत्र में चेकिंग के दौरान कनवा गांव नहर पुलिया के पास से एक पिकअप रोककर उसमें रखे सात बोरों में भरे कछुआ बरामद किए।
मामले में पुलिस ने आरोपी दुर्गेश निवासी ग्राम छत्रपति खेड़ा हैदरगढ़, रवीना पत्नी दिलीप निवासी ग्राम पकड़ी थाना पीपरपुर जनपद अमेठी व मुग्गो पत्नी छिद्दा कंजड़ निवासी गांधीनगर कस्बा, जगदीशपुर अमेठी को मौके से गिरफ्तार किया गया। जबकि दो आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग निकले।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि इन कछुओं को पश्चिम बंगाल में सप्लाई करना था। मौके पर वन विभाग की टीम भी पहुंची है। पुलिस ने जब बोरों में मिले कछुओं की गिनती की तो उनकी संख्या 324 निकली। पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया है।
हैदरगढ़ रेंजर दिलीप सिंह ने बताया कि पुलिस अभिरक्षा में तीनों तस्करों को सीजीएम कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। वहीं, कछुओं को गोमती या फिर घाघरा नदी में छोड़ा जाएगा।
पुलिस द्वारा बरामद 324 कछुआ श्रेणी-1 में संरक्षित सुंदरी प्रजाति के बताए जा रहे हैं। कोतवाली प्रभारी रतन सिंह ने बताया कि कस्बा इंचार्ज वेदप्रकाश शर्मा, एसआई लालता, विवेक आदि की टीम ने तस्करों को दबोचकर इन कछुओं की बरामदगी की है। आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव जंतु संरक्षण अधिनियम सहित अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।