ट्रेनों में लूटपाट करने वाले मप्र के शातिर समेत दो गिरफ्तार
- जीआरपी ने दोनों को पकड़कर बरामद किया लूट-चोरी का सामान
अमर उजाला ब्यूरो
बाराबंकी। एक्सप्रेस ट्रेनों के ऐसी व स्लीपर कोच में यात्रियों से लूटपाट करने वाले दो शातिर बदमाशों को जीआरपी ने गिरफ्तार कर उनके पास से लूट व चोरी का सामान बरामद किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक मध्य प्रदेश का निवासी है जबकि इस गिरोह के अन्य सदस्य पकड़ में नहीं आ सके हैं।
थानाध्यक्ष जीआरपी धर्मेंद्र सिंह राठौर ने बृहस्पतिवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि लंबी दूरी की ट्रेनों में चढ़कर यात्रियों को लूट व चोरी का शिकार बनाने वाले दो बदमाश पकड़े गए हैं। पकड़े गए आरोपियों में आदिल निवासी सुढ़ियामऊ थाना रामनगर व तिलक सिंह निवासी ग्राम चिरौली थाना लहार जनपद भींड मध्यप्रदेश शामिल हैं। इन दोनों के पास से पुलिस ने लूट व चोरी के चार मोबाइल फोन व छह हजार रुपये की नकदी बरामद की है। इनमें से तिलक सिंह मध्य प्रदेश का निवासी है लेकिन इस समय रेलवे स्टेशन के आसपास रहकर पानी के बताशे लगाने के साथ ही ट्रेनों में लूट व चोरी की वारदातों को अंजाम देता है। इस गिरोह के तीन अन्य बदमाश पुलिस के हत्थे नहीं लग सके हैं। बदमाशों ने बताया कि इन लोगों ने दर्जनों ट्रेनों में यात्रियों को अपना शिकार बनाया है। इनके निशाने पर रहने वाली प्रमुख ट्रेनों में गोरखधाम एक्सप्रेस, मरूधर एक्सप्रेस, कोचीन एक्सप्रेस, कैफियत एक्सप्रेस, दून एक्सप्रेस आदि शामिल हैं।