बदहाली दूर करनी है तो भाजपा प्रत्याशी को जिताएं : सुरेश पासी
सिद्धौर (बाराबंकी)। नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी लल्लू रावत के समर्थन में बुधवार को प्रदेश के शहरी आवास विकास राज्यमंत्री सुरेश पासी ने जनसभा की। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से भाजपा प्रत्याशी को जिताने की अपील करते हुए कहा कि, 10 बरसों से इस नगर पंचायत में कायम बादशाह की बादशाहत को खत्म करना है। अगर बदहाली दूर करनी है तो भाजपा प्रत्याशी को जिताएं।
नगर पंचायत सिद्धौर के अमहट वार्ड के निमतियापुर गांव में चेयरमैन पद के भाजपा प्रत्याशी लल्लू रावत के समर्थन में बुधवार को जनसभा आयोजित हुई। इसमें शहरी आवास विकास राज्यमंत्री सुरेश पासी ने कहा कि, आज भाजपा की सरकार में खाद की कोई किल्लत नहीं है। प्रदेश की योगी सरकार ने नगर पालिका व नगर पंचायतों में स्ट्रीट लाइटें, नाली खड़ंजा, पार्किंग, बेघरों को आवास व हर घर को शौचालय मुहैया कराने का खाका तैयार किया है। मगर ये सुविधाएं तभी मिलेंगी जब भाजपा का प्रत्याशी जीतेगा। इस अवसर पर जैदपुर विधायक उपेंद्र रावत, हैदरगढ़ विधायक बैजनाथ रावत, जिलाध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव, महामंत्री हर्षित वर्मा, रंजना श्रीवास्तव, रामशंकर, अरविंद, रामकुमार आदि मौजूद रहे।