व्यापारी की पिटाई कर दस हजार की लूट
- देवा कोतवाली क्षेत्र में हुई वारदात
विशुनपुर(बाराबंकी)। दुकान बंद कर घर जा रहे किराना व्यापारी को रास्ते में मिले बदमाशों ने जमकर पिटाई करने के साथ ही दस हजार की नकदी लूट लिया। बदमाशों के चुंगल से छूटने के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की है। हालांकि पुलिस अभी लुटेरों का पता नहीं लगा सकी है।
देवा कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर निवासी असलम की देवा कस्बे में किराना की दुकान है। शनिवार की रात करीब साढ़े दस बजे असलम दुकान बंद करने के बाद बाइक से वापस घर जा रहा था। विशुनपुर गांव के भवानी मंदिर के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने असलम को धक्का देकर बाइक से नीचे गिरा दिया व उसकी जमकर पिटाई करने के साथ जेब में रखी दस हजार से अधिक की नगदी लूटकर भाग निकले। बदमाश बाइक की चाभी भी निकाल ले गए। पीड़ित ने किसी तरह मामले की जानकारी पुलिस को दी जिस पर पहुंचे थाना प्रभारी धनंजय सिंह एवं चौकी इंचार्ज वेदप्रकाश शर्मा ने आस पास चेकिंग कर लुटेेरों का पता लगाया लेकिन वह नहीं मिल सके। एसओ का कहना है कि पुलिस मामले की जांच के साथ ही लुटेरों की तलाश में लगी है।