बाराबंकी। बिहार एक्सपोजर विजिट के तहत जिले के 33 राजकीय विद्यालयों के 60 मेधावी छात्र बिहार के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों का भ्रमण करेंगे। पांच दिवसीय इस शैक्षणिक भ्रमण का शुभारंभर 18 अगस्त को विद्यार्थियों की रवानगी के साथ होगा।
इसका उद्देश्य छात्रों को देश के प्रतिष्ठित शैक्षणिक और तकनीकी संस्थानों से सीधे परिचित कराना है, ताकि उनकी सोच व्यापक हो और वे अपने भविष्य को लेकर स्पष्ट दृष्टिकोण विकसित कर सकें।दौरे के दौरान छात्र पटना स्थित फॉरेंसिक साइंस रिसर्च इंस्टीट्यूट, आईआईटी पटना और ऐतिहासिक नालंदा विश्वविद्यालय का भ्रमण करेंगे। साथ ही नालंदा विश्वविद्यालय में छात्र प्राचीन भारतीय शिक्षा व्यवस्था, बौद्ध संस्कृति तथा ज्ञान के वैश्विक केंद्र के रूप में इसकी ऐतिहासिक भूमिका को भी समझेंगे।
फॉरेंसिक संस्थान में वे अपराध अनुसंधान, डीएनए विश्लेषण, साइबर क्राइम जांच आदि अत्याधुनिक तकनीकों की जानकारी प्राप्त करेंगे। जबकि आईआईटी पटना में छात्र इंजीनियरिंग की मूल अवधारणाओं और नवाचार आधारित प्रयोगों को प्रत्यक्ष रूप से देखकर इसकी कार्यप्रणाली को समझेंगे। जिला समन्वयक अखिलेंद्र सिंह ने बताया कि भ्रमण में छात्रों के मार्गदर्शन हेतु दो शिक्षक गाइड भी साथ जाएंगे। इसके लिए श्रीकांत वर्मा को भ्रमण प्रभारी तथा सावित्री देवी को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है, जो प्रत्येक पड़ाव पर शैक्षिक गतिविधियों को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करेंगे।