बाराबंकी। जिले में एक बार फिर कोरोना बम बनकर फूटा है। एक साथ 60 कोरोना पॉजिटिव केस मिलने से लोगों में जहां दहशत का माहौल है वहीं प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है। देरशाम आई जांच रिपोर्ट के अनुसार सबसे ज्यादा 21 मरीज त्रिवेदीगंज क्षेत्र में पाए गए हैं। इसके अलावा दरियाबाद क्षेत्र में दंपती समेत पूरा परिवार कोरोना की चपेट में आ गया है।
वहीं महादेवा में किराना व्यापारी के संक्रमित पाए जाने के बाद सभी को अस्पताल में भर्ती कराते हुए परिवार के सदस्यों को होम क्वारंटीन कराया गया है। इससे पहले जिले में कोरोना के एक साथ 97 मरीज मिल चुके हैं मौजूदा समय में जिले में कोरोना के एक्टिव केसों की संख्या 328 पहुंच गई है।
जिला प्रशासन द्वारा जारी सूची के अनुसार जिले में बुधवार को 60 लोगों की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इनमें सबसे ज्यादा 21 मरीज त्रिवेदीगंज क्षेत्र में पाए गए हैं। जिले में इससे पहले कोरोना के एक साथ 97 मरीज मिल चुके हैं। वहीं दरियाबाद क्षेत्र के गंगाराम पुरवा गांव में पति, पत्नी, इनकी बेटी और बेटा भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं।
इसके अलावा महादेवा का एक किराना व्यापारी भी इसकी चपेट में आ गया है जिससे व्यापारी के संपर्क में आने वाले लोगों की तलाश तेज कर दी गई है। वहीं हिंद अस्पताल में भर्ती एक प्रसूता की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। सभी को भर्ती कराते हुए इनके परिवार के लोगों को होम क्वारंटीन कराया गया है।
बनीकोडर के बांसीपुर में एक, 201 सीईडीयू रेलवे स्टेशन के पास एक, निजी अस्पताल में एक, टिकैतनगर में एक, पाटमऊ में एक, लखपेड़ाबाग में एक, जनेस्मा में एक, कोठीडीह में एक, महादेव सिटी में एक, मंझपुरवा में तीन, उत्तरटोला बंकी में एक, पीरबटावन में एक, रायसाहब में एक, सिपहिया में एक, सीएचसी फतेहपुर में एक, काजीपुर में दो, पचघरा में एक, कांशीराम कॉलोनी हैदरगढ़ में तीन, बरौली हैदरगढ़ में दो, प्रतापगंज मसौली में एक, नागपुर टिकैतनगर में एक, त्रिवेदीगंज में 21, अमसेरुवा सिद्धौर में एक, महादेवा में 6 इस तरह कुल 60 मरीज पॉजिटिव पाए गए हैं।
सिरौलीगौसपुर एसडीएम प्रतिपाल सिंह ने बताया कि किंतूर गांव में कोरोना मरीजों की संख्या 26 के आसपास पहुंच गई है। गांव में मरीजों की बढ़ती संख्या और कोरोना के संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए ही 19 अगस्त तक आवागमन के साथ ही लोगों के घरों से निकलने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसे एक प्रकार का कर्फ्यू ही समझा जाए। गांव पर नजर रखने के लिए पुलिस बल को तैनात किया गया है।
जिलाधिकारी डॉ. आदर्श सिंह ने बताया कि बुधवार को प्राप्त जांच रिपोर्ट के अनुसार जिले में कोरोना के 60 नए केस पाए गए हैं। जिस पर सभी को अस्पताल में भर्ती कराते हुए प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश संबंधित क्षेत्र के एसडीएम को दिए गए हैं। इस तरह से जिले में एक्टिव केस की संख्या 328 तक पहुंच गई है वहीं उपचार के बाद 6 मरीज पूरी तरह से स्वस्थ भी हो गए हैं।