शहर के बडे़ल स्थित श्री सांई इंटर कॉलेज में आयोजित प्रतिभा सम्मान में मौजूद विद्यार्थी।
बाराबंकी। शहर के सांई इंटर कॉलेज में शनिवार को प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के उन 52 पूर्व छात्रों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपनी मेहनत से आईपीएस, डॉक्टर, इंजीनियर और अन्य उच्च पदों को प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। खास बात यह रही कि मेधावियों के साथ-साथ उनके माता-पिता को भी मंच पर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि, खाद्य रसद एवं नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यदि खुद पर विश्वास हो, तो कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। पूर्व पुलिस महानिदेशक सूर्यकुमार शुक्ला ने भी बच्चों का मार्गदर्शन किया।
महज 21 वर्ष की आयु में सफलता पाने वाले आदर्श कांत के पिता राधाकांत शुक्ला को सम्मानित किया गया। आईपीएस परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले रोहित कुमार यादव और उनके माता-पिता को भी विशेष सम्मान मिला। आईएफएस बनने वाले मृदुल राकेश मिश्रा व आईएसएस परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले नितेश मिश्रा को भी उनके अभिभावकों के साथ मंच पर सराहा गया।
कॉलेज के छात्र शाश्वत गुप्ता व शिवम पटेल को एमबीबीएस में चयन पर शील्ड के साथ एक लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। आदित्य यादव, हिमांशु द्विवेदी, शिदरा अहमद, सुयश वर्मा, अभिमन्यु वर्मा और हर्षित मिश्रा को एमबीबीएस में चयन पर 10-10 हजार रुपये की राशि देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रबंधक सुरेंद्र वर्मा ने कहा कि इन छात्रों की सफलता यह सिद्ध करती है कि मेहनत और लगन के आगे कोई भी बाधा टिक नहीं सकती। इस अवसर पर पीएस ओझा (पूर्व सलाहकार, कृषि विभाग), बृज बिहारी शुक्ला (सलाहकार, सहकारी न्यायाधिकरण), नवीन तिवारी आदि मौजूद रहे।